सोनीपत , नवंबर 10 -- हरियाणा के एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने गत छह नवंबर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का तीसरा चरण लागू कर दिया है। इसके तहत निर्माण एवं ध्वस्तीकरण गतिविधियों पर रोक लगाने सहित प्रदूषण नियंत्रण के लिए कई सख्त कदम उठाए गए हैं।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि ग्रैप-3 के प्रावधानों के तहत सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ कामकाज संचालित करने तथा शेष कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने के निर्देश जारी किए गए हैं। संबंधित विभागों को इन आदेशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने होंगे।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से भी प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों से बचने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक का सहयोग जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता लोगों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाना है। इसके लिए सरकारी आदेशों का पालन करने के साथ-साथ जनसहभागिता भी बेहद महत्वपूर्ण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित