चंडीगढ़ , अगस्त 14 -- शिरोमणि अकाली दल पुनर्स्थापना के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने हरियाणा में सिख प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज और वरिष्ठ नेताओं सहित कई लोगों के घायल होने की घटना की कड़ी निंदा की है।

ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि हरियाणा में सिख समुदाय की ओर से कल लुधियाना निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ कथित तौर पर गुंडागर्दी करने के मामले में पुलिस केस दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था। उन्होंने कहा कि जायज मांग को कानूनी प्रक्रिया के तहत हल करने के बजाय सिख समुदाय की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा और कई अन्य लोग घायल हुए।

ज्ञानी हरप्रीत सिंह के अनुसार प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि लोगों पर कथित तौर पर वाहन चढ़ाने के मामले में गुरसिमरन मांड के खिलाफ मामला दर्ज किया जाये, पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया जाये तथा कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिये गये सिख युवकों को रिहा किया जाये। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा इन मांगों पर ध्यान नहीं दिये जाने के बाद सिख समुदाय को प्रदर्शन करने और सड़क जाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोगों के पास अपनी शिकायतें सरकार तक पहुंचाने और न्याय की मांग करने का एक संवैधानिक माध्यम है।

ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया, जिसके कारण सिख समुदाय के कई लोग घायल हुए। उन्होंने पुलिस की कथित दमनकारी कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए सिखों की जायज मांगों को तत्काल स्वीकार करने की मांग की। उन्होंने लाठीचार्ज के दौरान लोगों को घायल करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा सहित घायल सभी सिंहों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए अरदास की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित