सिरसा , नवंबर 10 -- हरियाणा के नाथूसरी चौपटा-भट्टू मार्ग पर सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई।

हादसा गांव नहराना के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रही तुड़ी से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मृतकों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार कार भट्टू की तरफ से नाथूसरी चौपटा की ओर जा रही थी। गांव नहराना के निकट कार चालक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को समय रहते नहीं देख पाया और उसमें जा घुसा। हादसे में संदीप पुत्र सूबे सिंह निवासी पीली मंदोरी और कुलदीप पुत्र ओमप्रकाश निवासी ढाणी गोपाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल नरेश पुत्र रणबीर निवासी किरतान, जिला हिसार को नागरिक अस्पताल सिरसा पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दीपावली के दौरान पटाखों से सड़क पर फैले धुएं के कारण दृश्यता कम होने से हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चलेगा।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक कुलदीप की पत्नी के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश करने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित