चंडीगढ़ , मई 14 -- हरियाणा में एक जुलाई 2026 की पात्रता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू किया गया है। राज्य की अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तीसरे चरण में हरियाणा को शामिल किया गया है। अभियान के तहत तैयारी, प्रशिक्षण और मुद्रण कार्य पांच जून से 14 जून 2026 तक किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 12 मई तक हरियाणा में कुल 2,06,63,155 मतदाता दर्ज हैं। पुनरीक्षण प्रक्रिया के लिए राज्यभर में 20,629 बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) की नियुक्ति की गयी है। ये अधिकारी 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और जानकारी एकत्र करेंगे। विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से अब तक 12,917 बूथ स्तरीय एजेंट नियुक्त किये जा चुके हैं।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदान केंद्रों का युक्तिकरण और पुनर्गठन 14 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा। मतदाता सूची का प्रारूप 21 जुलाई 2026 को प्रकाशित होगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निपटारा 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने नागरिकों से अपील की कि वे इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में चुनाव अधिकारियों और बीएलओ के साथ सहयोग करें। उन्होंने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ स्तरीय एजेंट नियुक्त करने का आग्रह भी किया, ताकि त्रुटिरहित और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित