चंडीगढ़ , अप्रैल 30 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश में संस्थागत प्रसव दर 98.8 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि मातृ और शिशु मृत्यु दर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एक राष्ट्रीय सम्मेलन में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश वर्ष 2014-15 के 2,646 करोड़ रुपये से बढ़कर 2026-27 में 14,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस निवेश से स्वास्थ्य ढांचे, चिकित्सा उपकरणों और मानव संसाधन में सुधार हुआ है।
गैर-संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया, जिसके तहत एक करोड़ से अधिक लोगों की जांच की गई। इसमें 10 लाख से ज्यादा उच्च रक्तचाप और करीब छह लाख मधुमेह के मरीजों का समय पर उपचार संभव हुआ।
राज्य में कैंसर उपचार सुविधाओं को मजबूत करते हुए अंबाला छावनी में अटल कैंसर केयर सेंटर स्थापित किया गया है, जबकि सभी जिलों में डे-केयर कैंसर केंद्र खोले गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित