चंडीगढ़ , मार्च 14 -- हरियाणा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों को भूमि एवं राजस्व सेवाएं आसान बनाने के लिए व्हाट्सएप आधारित चैटबॉट 'भू-मित्र' शुरू किया है। इस सेवा के माध्यम से लोग 24 घंटे हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जरूरी राजस्व सेवाओं की जानकारी और सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।

विभाग की वित्तीय आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि 'भू-मित्र' एक स्मार्ट और संवादात्मक चैटबॉट है, जिसे सीधे व्हाट्सएप के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने या जटिल ऑनलाइन पोर्टल का उपयोग करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने स्मार्टफोन से घर बैठे ही कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

श्री मिश्रा ने बताया कि इस चैटबॉट के जरिए फिलहाल चार प्रमुख सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें भूमि रिकॉर्ड के लिए जमाबंदी की प्रति, स्वामित्व परिवर्तन के लिए म्यूटेशन की जानकारी, मुआवजा पंजीकरण और संपत्ति विलेख से संबंधित सहायता शामिल हैं। इसके अलावा विलेख टोकन बनवाने, भूमि सीमांकन का अनुरोध करने, राजस्व से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने और उसकी स्थिति जानने की सुविधा भी उपलब्ध है।

नागरिक 95933-00009 नंबर को अपने फोन में सेव कर व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर 'भू-मित्र' सेवा का उपयोग कर सकते हैं। यह चैटबॉट साल के 365 दिन 24 घंटे उपलब्ध रहेगा।

विभाग के अनुसार आने वाले समय में इसमें और सेवाएं जोड़ी जाएंगी, जिससे डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को सरकारी सेवाएं पहले से अधिक आसान और पारदर्शी तरीके से मिल सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित