चंडीगढ़ , जुलाई 31 -- हरियाणा कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन चलाने का संकल्प लिया है। हरियाणा कांग्रेस कमेटी प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को फरीदाबाद और पलवल जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठकों के साथ होडल, हथीन और पलवल विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक संवाद किया।

बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष की रणनीति पर चर्चा की गई। श्री दत्त ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है और मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासन में प्रदेश का युवा बेरोजगारी, किसान आर्थिक संकट और आम जनता महंगाई से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी।

दोनों नेताओं ने सरकारी भर्तियों में देरी और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर सरकार को घेरते हुए सभी रिक्त पदों पर जल्द पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर जनता के बीच भाजपा सरकार की नीतियों को उजागर करेगी। बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, पूर्व विधायक नीरज शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित