चंडीगढ़ , मई 30 -- हरियाणा सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क धार्मिक यात्रा कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आठ जून को कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन से एक विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाएंगे।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, इच्छुक श्रद्धालु छह जून तक सरल पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। यात्रा का लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। यह विशेष ट्रेन कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत और दिल्ली होते हुए सोमनाथ ज्योतिर्लिंग पहुंचेगी।

यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। श्रद्धालुओं को अपनी मेडिकल हिस्ट्री और अधिकृत चिकित्सक द्वारा प्रमाणित मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र भी जमा करना होगा। सरकार की ओर से यात्रियों के रहने, भोजन और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था की जाएगी।

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी होना, परिवार पहचान पत्र होना तथा वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक होना आवश्यक है। आवेदक की आयु 60 वर्ष से अधिक होनी चाहिए और उसने पिछले तीन वर्षों में इस तीर्थ योजना का लाभ न लिया हो। वरिष्ठ नागरिक अपने जीवनसाथी को भी नि:शुल्क साथ ले जा सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित