चंडीगढ़ , जुलाई 17 -- हरियाणा में बिजली चोरी के मामलों में लंबित जुर्माने की वसूली के लिए राज्य प्रवर्तन ब्यूरो ने 45 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नवदीप सिंह विर्क के नेतृत्व में यह अभियान प्रदेश के सभी 22 जिलों में एक साथ चलाया जा रहा है। अभियान का लक्ष्य बिजली चोरी से जुड़े मामलों में लंबित 56 करोड़ रुपये के जुर्माने की वसूली करना है।
डीजीपी ने सभी थाना प्रभारियों (एसएचओ) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने थानों के रिकॉर्ड और केस डायरी की समीक्षा कर ऐसे सभी मामलों की सूची तत्काल तैयार करें जिनमें एक लाख रुपये या उससे अधिक का जुर्माना बकाया है। साथ ही प्रत्येक एसएचओ को वसूली प्रक्रिया की व्यक्तिगत निगरानी करते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अभियान की प्रगति पर नजर रखने के लिए प्रत्येक सोमवार को प्रवर्तन मुख्यालय शक्ति भवन में साप्ताहिक रिपोर्ट भेजना अनिवार्य किया गया है। रिपोर्ट में वसूली गई राशि और कार्रवाई का पूरा विवरण शामिल होगा।
हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो प्रदेश के 22 पुलिस स्टेशनों के माध्यम से बिजली चोरी पानी की चोरी अवैध खनन अवैध शराब की बिक्री और अनधिकृत कॉलोनियों के विकास पर निगरानी रखता है। ब्यूरो का मानना है कि बिजली चोरी केवल कानूनी अपराध नहीं बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के दुरुपयोग से जुड़ा सामाजिक अपराध भी है।
इसी को ध्यान में रखते हुए ब्यूरो ऊर्जा संरक्षण और बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित जनजागरूकता अभियान भी चला रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित