चंडीगढ़ , जुलाई 13 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को स्क्रैप किये गये वाहनों के पंजीकरण और वैज्ञानिक निपटान के लिए एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल विकसित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि इससे निजी और सरकारी वाहनों की स्क्रैपिंग प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनेगी। साथ ही राज्यभर में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना में तेजी लाने के भी निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री सोमवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में 'अर्जुन एसपीवी' की दूसरी बोर्ड बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में हरियाणा स्वच्छ वायु सतत विकास परियोजना की वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना की समीक्षा की गयी।

बैठक में गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में इलेक्ट्रिक बस सेवाओं के विस्तार, बस डिपो, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तथा पीपीपी मॉडल के तहत 200 नयी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारियों पर चर्चा हुई। राज्य की ईवी नीति में प्रस्तावित संशोधनों, 100 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने और एमएसएमई क्षेत्र में स्वच्छ तकनीकों को बढ़ावा देने की योजनाओं की भी समीक्षा की गयी।

मुख्यमंत्री ने फसल अवशेष प्रबंधन, औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वायु से जुड़ी सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये। बैठक में एआई आधारित वायु गुणवत्ता प्रबंधन, राज्य उत्सर्जन सूची, निर्णय सहायता प्रणाली, वायु गुणवत्ता निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच डेटा साझाकरण तंत्र को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए परियोजनाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये, ताकि हरियाणा स्वच्छ वायु और सतत विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में अपनी पहचान और मजबूत कर सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित