चंडीगढ़ , मार्च 28 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पश्चिम एशिया में बने हालात के बावजूद प्रदेश में आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब तक सैकड़ों एलपीजी सिलेंडर जब्त किये जा चुके हैं और कई आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की गयी है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में चार हजार से अधिक पेट्रोल पंप संचालित हैं और पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है। ऑयल कंपनियों ने सप्लाई व्यवस्था को मजबूत किया है और नियमित डिस्पैच सुनिश्चित किया जा रहा है। रसोई गैस की स्थिति भी संतोषजनक बतायी गयी है। राज्य में रोजाना लगभग दो लाख सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है, जिससे किसी प्रकार की कमी नहीं है। अस्पतालों और आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
श्री सैनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा एक्साइज ड्यूटी में कटौती के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे आम लोगों को राहत मिलेगी और कीमतें स्थिर रहेंगी। सरकार ने पीएनजी और सीएनजी नेटवर्क के विस्तार पर भी जोर दिया है। पाइपलाइन बिछाने के नियमों में राहत दी गई है ताकि गैस कनेक्शन तेजी से बढ़ाये जा सकें।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक खरीदारी से बचें। उन्होंने विपक्ष से भी कहा कि संकट के समय राजनीति करने के बजाय सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित