चंडीगढ़ , जुलाई 10 -- हरियाणा सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के पूर्व कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण सुविधा शुरू की है। सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पूर्व सीएपीएफ कर्मियों को पूर्व सैनिकों के समान विभिन्न कल्याणकारी लाभ प्रदान कर रहा है।
उन्होंने बताया कि सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण विभाग, पंचकूला की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू की गई इस सुविधा के माध्यम से बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, असम राइफल्स सहित अन्य सीएपीएफ के पूर्व कर्मी और उनके परिवार के सदस्य ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। राष्ट्र सेवा में शहीद हुए सीएपीएफ जवानों के परिजनों को भी सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
राव नरबीर सिंह ने बताया कि पंजीकरण के बाद पात्र पूर्व सीएपीएफ कर्मियों और उनके परिवारों को विभाग की ओर से पहचान पत्र जारी किया जाएगा। साथ ही, सेवा रिकॉर्ड में किसी प्रकार की विसंगति या लंबित सेवा संबंधी मामलों के समाधान में भी यह व्यवस्था सहायक होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित