यमुनानगर , अक्टूबर 20 -- हरियाणा के गुरुग्राम और नूंह में समानान्तर लाइसेंस देने के मामले को लेकर उत्पन्न स्थिति पर चर्चा के लिए हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने 21 अक्टूबर को चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय में दोपहर बाद एक विशेष बैठक बुलाई है।

इस बैठक में हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चा के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही प्रबंध निदेशक, एचपीजीसीएल, प्रबंध निदेशक, एचवीपीएनएल, प्रबंध निदेशक, यूएचबीवीएनएल/ डीएचबीवीएनएल, पंचकूला/हिसार और निदेशक/ तकनीकी, एचवीपीएनएल को भी बुलाया गया है।

बता दें कि 19 अक्टूबर को हरियाणा बिजली रेगुलेटरी आयोग ने नूंह और गुरुग्राम में पैरेलल लाइसेंस जारी किया था। इसके बाद विभिन्न कर्मचारी और इंजीनियर संगठन विरोध में उतर आए हैं और 22 से 24 अक्टूबर को प्रदेशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।

इसी को लेकर संगठनों ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज को पत्र लिखकर मिलने का समय मांगा था, जिसके बाद मंत्री ने विशेष बैठक बुलाने का फैसला लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित