चंडीगढ़ , अक्टूबर 12 -- हरियाणा में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने जनवरी से सितंबर 2026 तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 3,809 मामले दर्ज कर 6,824 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस दौरान 71 ड्रग कार्टेल की पहचान की गई और नशा तस्करी से जुड़ी 19.52 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में साइबर जांच मजबूत करने, अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई और अभियोजन प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
पुलिस के अनुसार पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले दर्ज मामलों में 39.93 प्रतिशत और गिरफ्तारियों में 26.53 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं, एनडीपीएस मामलों में दोषसिद्धि दर बढ़कर 58.34 प्रतिशत हो गई है। डार्क वेब और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से होने वाली तस्करी की जांच के लिए विशेष इकाई विकसित की जा रही है। नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई के तहत 15.09 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति से संबंधित प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी के विचाराधीन हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित