सिरसा , मई 28 -- हरियाणा के सिरसा और फतेहाबाद जिलों में वीरवार दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी और हल्की बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गये, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी। फतेहाबाद जिले के गांव जंडवाला बागड़ में तेज तूफान के कारण एक मोबाइल टावर भी गिर गया।
पच्चीस मई से शुरू हुए नौतपा के बीच पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। हल्की बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। सिरसा जिले के रामपुरा ढिल्लों क्षेत्र में ओलावृष्टि की सूचना भी मिली है। कुम्हारिया रोड पर कई पेड़ टूटकर गिर गये, जबकि कागदाना से खेड़ी जाने वाली बिजली लाइनों के पोल भी क्षतिग्रस्त हो गये।
कुम्हारिया गांव में पेड़ों के साथ सौर ऊर्जा प्लांट के शीशे टूट गये और कई घरों की छतें भी उड़ गयीं। ग्रामीणों में भय का माहौल है। बिजली विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं।
तेज आंधी और बारिश से पहले बोई गयी नरमा और कपास की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के अनुसार कागदाना, कुम्हारिया, रामपुरा, चाहरवाला और जोगीवाला समेत कई गांवों में अचानक मौसम बदला और तेज तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित