चंडीगढ़ , जून 01 -- हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के तीन जिलों में नए स्वास्थ्य केंद्र खोलने को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की स्वीकृति के बाद गुरुग्राम, भिवानी और हिसार जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में नए स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए जाएंगे।

सरकार के निर्णय के अनुसार गुरुग्राम जिले के गांव घामडोज में एक नया उप-स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा। वहीं, भिवानी जिले के गांव धनाना और हिसार जिले के गांव सिसाय बोला में एक-एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्थापित किए जाएंगे। इन स्वास्थ्य केंद्रों के शुरू होने से आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और बड़े शहरों के अस्पतालों पर उनकी निर्भरता कम होगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि सामान्य बीमारियों से लेकर आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को दूर-दराज के अस्पतालों का रुख न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि नए स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन से स्थानीय स्तर पर मुफ्त दवाएं, आवश्यक जांच सुविधाएं और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। सरकार भविष्य में भी ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि 'स्वस्थ हरियाणा' के लक्ष्य को प्रभावी रूप से साकार किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित