चंडीगढ़ , अगस्त 07 -- हरियाणा में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्य अतिथि के रूप में पौधारोपण किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
जींद में विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण, भूजल स्तर में गिरावट और घटता वन क्षेत्र गंभीर चुनौती हैं। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके वृक्ष बनने तक देखभाल सुनिश्चित करनी चाहिए।
सोनीपत में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने वाली सराहनीय पहल बताया।
रोहतक में सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि ''एक पेड़ मां के नाम'' अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधारोपण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी प्रदेश को हरा-भरा बनाने के लिए पौधारोपण को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित