चंडीगढ़ , मार्च 20 -- हरियाणा सरकार ने जल जीवन मिशन के तहत शासन और सेवा वितरण प्रणाली को और मजबूत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी 23 जिलों में एनएबीएल से मान्यता प्राप्त अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जा चुकी हैं, जिससे पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही दूरदराज क्षेत्रों में पानी की गुणवत्ता की रियल-टाइम निगरानी के लिए मोबाइल जल परीक्षण वैन भी तैनात की गयी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत' के लक्ष्य में जल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गयी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जल केवल एक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन और सम्मान का प्रतीक है। सभी नागरिकों तक स्वच्छ जल की समान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जल जीवन मिशन को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने हरियाणा के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य ने मिशन के पहले चरण में 100 प्रतिशत कवरेज हासिल कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री के नेतृत्व और प्रशासनिक तंत्र की प्रतिबद्धता को जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित