चंडीगढ़ , मार्च 24 -- हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने मंगलार को कहा कि रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर से जुड़ी किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि एलपीजी सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है।
राज्य सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए अब तक आठ प्राथमिकी दर्ज की हैं। जांच में 52 लोगों की संलिप्तता सामने आई है और 825 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा तीन वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।
विभाग के अनुसार, जब्त किए गए सिलेंडरों में झज्जर से 131, महेंद्रगढ़ से 109, अंबाला से 86, फतेहाबाद से 71, गुरुग्राम से 75, रोहतक से 98 सहित अन्य जिलों से सिलेंडर बरामद किए गए हैं। फरीदाबाद में सात और सोनीपत में एक प्राथमिकी दर्ज हुई है।
श्री नागर ने कहा कि पिछले छह दिनों में राज्य में 14.2 किलो के 61,034 घरेलू सिलेंडर वितरित किए गए हैं, जबकि बॉटलिंग प्लांट्स में 9,82,212 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। वहीं, 19 किलो के 848 कमर्शियल सिलेंडर पिछले 25 दिनों में सप्लाई किए गए हैं और इनका कुल भंडार 1,79,566 है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सुचारू है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित