चंडीगढ़ , मार्च 19 -- हरियाणा सरकार ने राज्य में गैर-संक्रामक रोगों (एनसीडी) की रोकथाम और नियंत्रण के प्रयासों को तेज कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार हृदय रोग, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत राज्य के सभी 22 जिलों में एनसीडी क्लीनिक स्थापित किये जा चुके हैं। इसके अलावा 170 उप-मंडल सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 292 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी ये सेवाएं उपलब्ध हैं, ताकि लोगों को नजदीक ही उपचार मिल सके।

सरकार द्वारा 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की नियमित जांच की जा रही है, जिसमें मधुमेह, उच्च रक्तचाप और मुख, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की स्क्रीनिंग शामिल है। इकतीस जनवरी तक राज्य में एक करोड़ से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें लाखों मरीजों का उपचार शुरू किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आवश्यक दवाएं सभी जिलों में उपलब्ध करायी जा रही हैं। साथ ही पीपीपी मॉडल के तहत अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम और पंचकुला में कैथ लैब और कार्डियक सेंटर जैसी सुविधाएं शुरू की गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित