चंडीगढ़ , सितंबर 16 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 17 सितंबर को पूरा प्रदेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्य और राष्ट्र के प्रति समर्पित जीवन को सम्मानित करेगा। उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व पद से नहीं बल्कि सेवा एवं समर्पण से परिभाषित होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को समर्पित है।

श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का हरियाणा से विशेष संबंध रहा है। प्रधानमंत्री के रूप में श्री मोदी 18 बार हरियाणा का दौरा कर चुके हैं। इन दौरों के दौरान प्रदेश को 86 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं प्राप्त हुई हैं।

उन्होंने कहा कि इस विशेष अवसर पर प्रदेशवासी 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करेंगे। मुख्यमंत्री ने लोगों से 17 सितंबर को शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में 'आशीर्वाद का दीया' जलाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि यह दीया प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए शुभकामनाओं के साथ-साथ उनकी 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया आइए प्रधानमंत्री के लिए एक दीया जलाएं और राष्ट्र के लिए प्रतिज्ञा लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित