चंडीगढ़ , अक्टूबर 28 -- हरियाणा सरकार गन्ना प्रौद्योगिकी मिशन के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी और उपकरणों का लाभ प्रदान कर रही है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान 31 अक्टूबर 2026 तक कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रवक्ता के अनुसार योजना में गन्ने की खेती को आधुनिक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के कृषि उपकरण शामिल किए गए हैं। इनमें 30 से 120 लीटर क्षमता वाले बिजली चालित गन्ना बीज उपचार उपकरण, 5 से 7.5 बीएचपी क्षमता वाले इंजन चालित उपकरण, रैटून प्रबंधन उपकरण, चौड़ी कतारों में बुवाई के लिए रिजर, चार फुट के रोटावेटर और ट्रैक्टर पर लगाए जाने वाले स्प्रेयर शामिल हैं।
इसके अलावा किसानों को सब-सॉइलर, छीजलर, गन्ना कटाई एवं स्ट्रिपिंग उपकरण, गन्ना प्लांटर और मिनी ट्रैक्टर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ भी दिया जाएगा।
प्रवक्ता ने किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने और योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित