चंडीगढ़ , अक्टूबर 06 -- हरियाणा सरकार ने किसानों के हित में खरीफ सीजन 2026-27 के दौरान निर्धारित समय से पहले धान की खरीद शुरू कर दी है। धान की खरीद एक अक्टूबर के बजाय 29 सितंबर से शुरू की गई है और यह प्रक्रिया 15 नवंबर तक चलेगी।
प्रदेश में 249 मंडियों और खरीद केंद्रों के माध्यम से धान की खरीद की जा रही है। सभी मंडियों एवं खरीद केंद्रों में जियो-फेंसिंग की व्यवस्था की गई है।
केन्द्र सरकार ने इस वर्ष सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये तथा ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। धान की खरीद खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हैफेड और हरियाणा राज्य भंडारण निगम द्वारा की जा रही है।
सरकार ने प्रदेश में 58 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। पांच अक्टूबर तक मंडियों में करीब 7.35 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हुई, जिसमें से 2.57 लाख मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है। खरीदे गए धान में से 27,497 मीट्रिक टन का उठान भी किया जा चुका है।
इस वर्ष चार अक्टूबर तक 1293 राइस मिलर्स ने सीएमआर कार्य के लिए पंजीकरण कराया है। मंडियों में किसानों के लिए पेयजल, शौचालय, पानी निकासी और हेल्प डेस्क सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
धान में नमी की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार ने किसानों की फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने और खरीद प्रक्रिया की लगातार निगरानी के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित