चंडीगढ़ , अक्टूबर 12 -- हरियाणा में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) का विस्तार कर रही है। आधुनिक बुनियादी ढांचे, निवेशक-अनुकूल नीतियों और श्रमिक सुविधाओं के माध्यम से राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया जा रहा है।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य को घरेलू और विदेशी निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में मानेसर, रोहतक, बावल, खरखोदा, फरीदाबाद और सोहना में छह प्रमुख आईएमटी विकसित किए गए हैं। इन औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, औद्योगिक भूखंड और लॉजिस्टिक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मारुति सुजुकी, एटीएल, यूनो मिंडा, फ्लिपकार्ट और अन्य कंपनियों की निवेश परियोजनाओं से विनिर्माण, परिवहन, भंडारण और आपूर्ति श्रृंखला में रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
सरकार खरखोदा, कोसली, बावल और सोहना में औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार की योजना पर भी काम कर रही है। इसके साथ ही कौशल विकास केंद्र, कर्मचारी आवास, महिला कर्मचारियों के लिए छात्रावास और शिशुगृह जैसी सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य बड़े उद्योगों के साथ-साथ लघु एवं मध्यम उद्यमों को बढ़ावा देकर स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसरों का विस्तार करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित