चंडीगढ़ , अगस्त 06 -- रियल एस्टेट क्षेत्र की अग्रणी कंपनी एसबीपी ग्रुप ने अपने रेजिडेंशियल, कमर्शियल और प्लॉटेड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के निर्माण कार्य में तेजी लाने और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए लौंगोवालिया ग्रुप के साथ दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में इस सहयोग की जानकारी दी गई।

एसबीपी ग्रुप के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अमन सिंगला ने कहा कि कंपनी की प्राथमिकता नए प्रोजेक्ट लॉन्च करने के बजाय मौजूदा परियोजनाओं को तय समय पर पूरा करना है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी बेहतर प्रोजेक्ट प्लानिंग, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, उच्च निर्माण गुणवत्ता और तेज़ निष्पादन सुनिश्चित करेगी। उनका कहना था कि बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद एसबीपी ने अपने सभी मौजूदा प्रोजेक्ट्स में लगातार प्रगति बनाए रखी है और ग्राहकों का भरोसा समय पर डिलीवरी से ही मजबूत होता है।

लौंगोवालिया इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर संदीप लौंगोवालिया ने कहा कि यह केवल कॉन्ट्रैक्टर और क्लाइंट का संबंध नहीं, बल्कि एक दीर्घकालिक एग्जीक्यूशन पार्टनरशिप है। दोनों कंपनियां बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य को गति देने, कुशल मानव संसाधन के बेहतर उपयोग और उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के लिए मिलकर काम करेंगी।

अमन सिंगला ने बताया कि एसबीपी वर्तमान में 20 मिलियन वर्ग फुट से अधिक निर्माण कार्य कर रही है, जिससे लगभग 1,500 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। कंपनी की पाइपलाइन में 30 से अधिक प्रोजेक्ट हैं, जिनमें से 15 पंजाब और ट्राईसिटी क्षेत्र में विभिन्न चरणों में निर्माणाधीन हैं। उन्होंने कहा कि एसबीपी भविष्य में भी वास्तविक मांग, बेहतर लोकेशन और ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध विस्तार की रणनीति पर आगे बढ़ेगी। दोनों कंपनियों ने विश्वास जताया कि इस साझेदारी से ग्राहकों, निवेशकों और क्षेत्र के रियल एस्टेट बाजार को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित