फरीदाबाद , मई 13 -- हरियाणा सरकार ने राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए) को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। तकनीकी शिक्षा विभाग के महानिदेशक प्रभजोत सिंह ने घोषणा की कि एक अप्रैल के बाद एनबीए मान्यता प्राप्त करने वाले संस्थानों को पांच लाख की प्रोत्साहन राशि और प्रत्यायन शुल्क की प्रतिपूर्ति दी जाएगी। पहले से मान्यता प्राप्त संस्थानों को शुल्क का 50 प्रतिशत वापस मिलेगा।

यह घोषणा जेसी बोस यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, वाईएमसीए में आयोजित आउटकम बेस्ड एजुकेशन एवं एनबीए प्रत्यायन विषयक कार्यशाला में की गई। कार्यक्रम में प्रदेशभर के तकनीकी संस्थानों के शिक्षकों, प्राचार्यों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार, उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. कैलाश चंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष प्रो. एस.के. गक्खड़, निदेशक डॉ. वाई.पी.एस. बेरवाल, एनबीए सदस्य सचिव डॉ. अनिल कुमार नासा, तकनीकी शिक्षा विभाग के महानिदेशक प्रभजोत सिंह और प्रो. आर.एस. राठौर सहित कई शिक्षाविद एवं अधिकारी मौजूद रहे।

वक्ताओं ने कहा कि एनबीए प्रत्यायन से संस्थानों की गुणवत्ता, शोध, रोजगारपरकता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित