चंडीगढ़ , मार्च 25 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को आईटीआई पास युवाओं के लिए डिजिटल ट्रैकिंग प्रणाली और बड़े स्तर पर रोजगार मेले आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुओं के प्रशिक्षण और प्लेसमेंट से जुड़ा पूरा डेटा एक डिजिटल पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाए जिससे उद्योगों को सीधे कुशल युवा मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि हर जिले में जॉब फेयर आयोजित किए जाएं और इसके लिए एक तय कैलेंडर जारी किया जाए। उन्होंने आईटीआई स्नातकों और इंटर्नशिप कर रहे छात्रों का रिकॉर्ड रखने तथा उनके रोजगार की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति के तहत कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना जरूरी है ताकि युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ सके। राज्य में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्रों को देखते हुए आने वाले समय में कुशल युवाओं की मांग बढ़ने की संभावना जताई गई।
मुख्यमंत्री ने आईटीआई में मशीनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुरानी मशीनों को बदलने प्रशिक्षकों को नई तकनीकों का प्रशिक्षण देने और बुनियादी ढांचे के सुधार पर जोर दिया। साथ ही, प्रशिक्षित युवाओं को सरकारी योजनाओं के तहत ठेके देने में प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
निजी आईटीआई में पाई गई अनियमितताओं पर सख्ती दिखाते हुए उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा आईटीआई में खेल गतिविधियों औद्योगिक दौरों और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण योजनाओं को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित