चंडीगढ़ , जून 04 -- देश में एक ओर गुरुवार को केरल में मानसून की दस्तक हो गई, वहीं हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने करवट ली। प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

दोपहर के समय फरीदाबाद, फतेहाबाद, पलवल, गुरुग्राम, रेवाड़ी और कैथल में बारिश हुई। गुरुग्राम में तेज आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। वहीं शाम के समय भिवानी, महेंद्रगढ़ के नारनौल तथा सिरसा के रानियां क्षेत्र में भी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने शाम 5:15 बजे जारी ताजा अपडेट में अगले तीन घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, यमुनानगर, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की भी आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित