चंडीगढ़ , मार्च 14 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे कैंसर के मामलों पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ अब हरियाणा भी तेजी से कैंसर प्रभावित प्रदेश बनता जा रहा है। हाल के आंकड़ों के अनुसार पंजाब में प्रतिदिन औसतन 68 लोगों और हरियाणा में करीब 50 लोगों की मौत कैंसर के कारण हो रही है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि उन्होंने अपने लोकसभा क्षेत्र सिरसा और आसपास के इलाकों में कैंसर के बढ़ते मामलों का मुद्दा संसद में भी उठाया है और लगातार सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या को लेकर अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रही। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से घग्गर नदी के किनारे बसे गांवों में कैंसर के मामलों में चिंताजनक वृद्धि देखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि घग्गर नदी में बढ़ता प्रदूषण, जल स्रोतों की खराब गुणवत्ता, औद्योगिक अपशिष्ट और कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग इस समस्या के प्रमुख कारण बन रहे हैं। यदि समय रहते इन कारणों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले वर्षों में स्थिति और भयावह हो सकती है।
उन्होंने सरकार से घग्गर नदी के प्रदूषण को रोकने और उसकी सफाई के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही उन्होंने सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल और अंबाला के नजदीकी शहरों में आधुनिक कैंसर अस्पताल स्थापित करने की जरूरत भी बताई, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके और उन्हें दूर-दराज के बड़े शहरों में न जाना पड़े।
सांसद ने कहा कि कैंसर अब दुर्लभ बीमारी नहीं रह गया है और लगभग हर गांव व शहर में कोई न कोई इससे प्रभावित दिखाई देता है। इसलिए सरकार को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ जल स्रोत, प्रदूषण नियंत्रण और बेहतर स्वास्थ्य ढांचे को लेकर दीर्घकालिक और प्रभावी नीति बनानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित