भिवानी , अगस्त 09 -- हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस शासन में सरकारी नौकरी पाने के लिए युवाओं को नेताओं और बिचौलियों के चक्कर काटने पड़ते थे। गरीब परिवारों को खेत, मकान और जेवर तक बेचने पड़ते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यवस्था बदलकर युवाओं के हाथ में सिफारिश की पर्ची की जगह किताब दी है। आज युवा लाइब्रेरी में मेहनत कर योग्यता के आधार पर बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरी हासिल कर रहे हैं।

रविवार को भिवानी के शकुंतला गार्डन में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी बनाया और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसे मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान भर्ती परीक्षाओं में 69 बार पेपर लीक हुए, लेकिन सरकार कठोर कार्रवाई करने में विफल रही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पेपर लीक माफिया के खिलाफ कड़ा कानून बनाया है, जिसमें दोषियों के लिए 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने और 10 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।

महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा, जबकि मोदी सरकार ने उन्हें सम्मान, सुरक्षा और अधिकार देने का काम किया। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का निर्णय ऐतिहासिक है।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के खातों में सालाना छह हजार रुपये सीधे पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती और फसल चक्र अपनाने की अपील की।

भिवानी की खेल प्रतिभाओं की सराहना करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यहां की बेटियों और खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत व प्रतिभा से देश-दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित