चंडीगढ़ , मई 29 -- नवनियुक्त हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शुक्रवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र पहुंचकर ऐतिहासिक शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। मंदिर में पीठाध्यक्ष पंडित सतपाल शर्मा ने विधिवत पूजा कराई।
मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष सरदार तेजिंदर सिंह (गोल्डी) सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में डॉ. गुप्ता ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने महिला कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य केंद्र बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना रहेगा। युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति, संस्कार और नेतृत्व का मजबूत माध्यम हैं और आज हर क्षेत्र में देश को नई दिशा दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित