भिवानी , अगस्त 10 -- हरियाणा प्रदेश दलित समुदाय संघर्ष समिति की जिला स्तरीय बैठक 16 अगस्त को आयोजित की जाएगी।

यह निर्णय समिति के प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता मांगेराम तुंदवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट कर सामाजिक अधिकारों और प्रमुख मुद्दों की लड़ाई को अधिक प्रभावी एवं मुखर बनाना है।

बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों से जुड़े स्थानीय संगठनों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।

प्रदेश प्रवक्ता राजेश चौधरी ने बताया कि संगठन के कार्यों में निष्क्रिय रहने वाले पदाधिकारियों को हटाकर नए और ऊर्जावान पदाधिकारियों का चुनाव कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए मेहनती और संघर्षशील लोगों को समिति से जोड़ा जाएगा, ताकि सामाजिक मुद्दों को लेकर एकजुट होकर प्रभावी ढंग से संघर्ष किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित