सिरसा , अगस्त 23 -- हरियाणा परिवहन यूनियनों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है।
सिरसा डिपो के नाथूसरी चौपटा बस स्टैंड पर रोडवेज यूनियनों के साझा मोर्चे की बैठक आयोजित की गयी, जिसमें एक और दो सितंबर को प्रदेशभर में रोडवेज बसों का दो दिवसीय चक्का जाम करने का निर्णय लिया गया।
यूनियन नेता जयवीर घणघस और अशोक खोखर ने बताया कि निर्णय के तहत 26 अगस्त को सभी रोडवेज डिपो में सुबह 10 से 11 बजे तक सांकेतिक प्रदर्शन किया जायेगा और महाप्रबंधकों को मांगपत्र सौंपे जायेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की वाजिब मांगों को सरकार और परिवहन विभाग लंबे समय से टालते आ रहे हैं।
कर्मचारियों ने परिचालकों का पे-ग्रेड बढ़ाने, चालकों एवं परिचालकों के रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती करने, समयबद्ध पदोन्नति नीति लागू करने और चालकों को हैवी पे-ग्रेड देने की मांग की है।
इसके अलावा वर्ष 2014 में भर्ती चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का करने, कर्मचारियों को पूर्व की भांति अर्जित अवकाश देने, हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत लगे परिचालकों व हेल्परों को नियमित करने और विभाग के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग भी उठायी गयी।
यूनियन नेताओं ने इलेक्ट्रिक बसों का पूर्ण सरकारीकरण करने तथा किलोमीटर योजना के तहत चलायी जा रही बसों के ठेके तुरंत रद्द करने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने अपनी इस हड़ताल और आंदोलन में आम जनता से भी सहयोग की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित