पंचकूला , जुलाई 27 -- हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 28 और 29 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जुलाई से 2 अगस्त तक भी कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। लगातार होने वाली बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि जलभराव, यातायात बाधित होने और निचले इलाकों में पानी भरने जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
सोमवार शाम जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा और पंजाब के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक दर्ज की गई, जबकि पंजाब के कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग का कहना है कि अनुकूल मानसूनी परिस्थितियों के कारण अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।
आईएमडी के अनुसार 28 और 29 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में कई स्थानों पर व्यापक बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। इसके बाद 30 और 31 जुलाई को भी अधिकांश क्षेत्रों में बारिश जारी रहेगी। हालांकि एक और दो अगस्त को बारिश का दायरा कुछ कम होकर छिटपुट रह सकता है, लेकिन कई स्थानों पर भारी बारिश की आशंका बनी रहेगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 0.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ा, लेकिन सामान्य के आसपास बना रहा। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस सोनीपत जिले के सरगथल स्थित कैनाल रेस्ट हाउस में दर्ज किया गया। वहीं औसत न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह भी सामान्य के करीब रहा। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस नारनौल में रिकॉर्ड किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित