यमुनानगर , अक्टूबर 18 -- हरियाणा ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बात बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश बिंदल ने कही।श्री बिंदल रविवार को छछरौली अनाज मंडी के दौरे पर थे। उन्होंने धान खरीद एवं उठान व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में खरीद व्यवस्था, उठान और व्यापारियों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस दौरान अनाज मंडी एसोसिएशन और प्रतापनगर राइस मिल एसोसिएशन ने वाइस चेयरमैन को मांग पत्र सौंपा।

श्री बिंदल ने व्यापारियों को बोर्ड द्वारा संचालित मुख्यमंत्री व्यापारी क्षतिपूर्ति बीमा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना बोर्ड की प्राथमिकता है। उन्होंने व्यापारियों से योजनाओं की पात्रता और नियमों की जानकारी लेकर लाभ उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीद और उठान व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए अधिकारियों, आढ़तियों और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि किसानों की फसल की खरीद व्यवस्थित ढंग से हो और मंडियों में देरी न हो।

श्री बिंदल ने मार्केट कमेटी छछरौली के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कमेटी के अंतर्गत किए जाने वाले विकास कार्यों की रिपोर्ट तैयार कर सौंपें।

मार्केट कमेटी छछरौली के चेयरमैन कैलाश चंद शर्मा ने कहा कि अनाज मंडियों में खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित बनाए रखना और किसानों व व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता है। मंडी प्रशासन खरीद एवं उठान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है।

इस अवसर पर वाइस चेयरमैन योगेश अग्रवाल, मार्केट कमेटी सचिव अनिल पुरूषार्थी, मंडी सुपरवाइजर धीरज अग्रवाल, मंडी अधिकारी राजकुमार, भाजपा नेता गुलशन अरोड़ा, जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, शहीद भगत सिंह किसान यूनियन प्रधान हरप्रीत सिंह, प्रधान रणबीर सिंह, समाजसेवी अंकुश शर्मा, गुरदयाल सिंह, प्रेम सागर, गुलशन गोयल, हरबंस सिंह, सचिन गोयल, पंकज मंगला, रिंकू चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित