चंडीगढ़ , अगस्त 13 -- हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान विधायक आदित्य सुरजेवाला और चंद्रमोहन बिश्नोई भी मौजूद रहे।

राव नरेंद्र सिंह ने चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता कर कहा कि वर्ष 2021 में कौशल रोजगार निगम की स्थापना युवाओं को समान काम के लिए समान वेतन और सुविधाएं देने तथा ठेका प्रथा खत्म करने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि 2024 के संकल्प पत्र में सरकार ने करीब 1.20 लाख एचकेआरएन कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देने का दावा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है।

उन्होंने बताया कि करीब 24 लाख युवाओं ने निगम में पंजीकरण कराया, जबकि 1.13 लाख लोगों को रोजगार दिया गया। इनमें करीब 97 हजार पहले से कार्यरत कर्मचारियों को नियुक्त किया गया और केवल 15,863 युवाओं को नई नौकरी मिली।

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को एक साल के अनुबंध पर रखा जाता है, जबकि उनसे नियमित कर्मचारियों की तरह काम लिया जाता है। उन्होंने सरकार से एचकेआरएन को दिए गए सर्विस चार्ज और धनराशि को लेकर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस 19 अगस्त को कौशल रोजगार निगम के कार्यालय पर धरना देगी। साथ ही राहुल गांधी की तर्ज पर हरियाणा में 'युवाओं की गूंज' कार्यक्रम चलाया जाएगा। उन्होंने सरकार से ठेका प्रथा खत्म कर युवाओं को स्थायी नियुक्तियां देने की मांग की।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसी व्यवस्था को बंद किया जाएगा, जो युवाओं के हित में नहीं है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित