चंडीगढ़ , अक्तूबर 05 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन सींग (सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ ) फोरम में शिरकत की। कार्यक्रम में सिंगापुर के उद्योगपति, विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने हरियाणा को केवल औद्योगिक शक्ति ही नहीं, बल्कि भारत की इनोवेशन कैपिटल बनाने का लक्ष्य रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और सिंगापुर के संबंध केवल व्यापार और निवेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विश्वास, मित्रता और लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा और सिंगापुर के बीच सहयोग को अगले स्तर तक ले जाने की जरूरत है। वर्ष 2017 में हरियाणा ने सिंगापुर की कंपनियों और संस्थाओं के साथ लॉजिस्टिक्स, टाउनशिप, एविएशन, स्मार्ट सिटी, वेलनेस, पावर और इंफ्रास्ट्रक्चर समेत विभिन्न क्षेत्रों में पांच एमओयू किए थे।
सैनी ने कहा कि सिंगापुर के पास वैश्विक विशेषज्ञता है, जबकि हरियाणा के पास भारत की विकास यात्रा का बड़ा बाजार और मजबूत औद्योगिक आधार है। गुरुग्राम वैश्विक कॉर्पोरेट और टेक्नोलॉजी हब के रूप में उभरा है, जबकि मानेसर में मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम है।
उन्होंने लॉजिस्टिक्स व इंफ्रास्ट्रक्चर, अर्बन डेवलपमेंट, टेक्नोलॉजी एवं ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग को सहयोग के प्रमुख क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और भविष्य की तकनीक आधारित उद्योगों में सिंगापुर की कंपनियों के लिए हरियाणा में बड़ी संभावनाएं हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित