चंडीगढ़ , अगस्त 17 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश को देश के अग्रणी विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार प्रमुख औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स परियोजनाओं को गति दे रही है।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने सोमवार को राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट के सर्वोच्च निगरानी प्राधिकरण की तीसरी बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने की।

बैठक में नांगल चौधरी स्थित एकीकृत मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स हब (आईएमएलएच), हिसार एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर (आईएमसी) और अंबाला औद्योगिक पार्क सहित प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नांगल चौधरी आईएमएलएच के प्रथम चरण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वे 23 अगस्त को लॉजिस्टिक्स हब का दौरा कर रेलवे लाइन का शुभारंभ करेंगे। हिसार आईएमसी के प्रथम चरण के बुनियादी ढांचे के लिए करीब 707 करोड़ रुपये की ईपीसी परियोजना की बोलियां प्राप्त हो चुकी हैं और उनका मूल्यांकन जारी है। मास्टर प्लान को 31 अगस्त तक अधिसूचित करने का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि अंबाला में 108 एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा हरियाणा में प्रस्तावित अन्य एकीकृत विनिर्माण समूहों और 10 आईएमटी के लिए भी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

श्री नायब सैनी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से हरियाणा में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और राज्य की पहचान प्रमुख विनिर्माण एवं लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में और मजबूत होगी। बैठक में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित