चंडीगढ़ , सितंबर 10 -- हरियाणा सरकार ने उद्यमियों को प्रोत्साहन राशि का समय पर वितरण सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 670 लाभार्थियों को ई-कुबेर के माध्यम से 311.25 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि की पहली किस्त जारी की।
हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में घोषणा की गई थी कि इन्वेस्ट हरियाणा पोर्टल पर आवेदन और आवश्यक जांच पूरी होने के बाद पात्र प्रोत्साहन राशि का 50 प्रतिशत सात कार्य दिवस के भीतर जारी किया जाएगा। शेष 50 प्रतिशत राशि विस्तृत जांच पूरी होने के 45 कार्य दिवस के भीतर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रोत्साहन राशि के पारदर्शी और समयबद्ध वितरण के साथ उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे राज्य में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
जारी राशि में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति (एचईईपी) के तहत 539 लाभार्थियों को 45.44 करोड़, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग एवं रिटेल नीति के तहत चार लाभार्थियों को 9.29 करोड़ और उद्योग निदेशालय की एचईईपी के तहत 16 लाभार्थियों को 144.16 करोड़ रुपये शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित