चंडीगढ़ , मई 14 -- मानसून से पहले आपदा तैयारी को परखने के लिए हरियाणा ने बुधवार को बाढ़ संभावित 13 जिलों में राज्य स्तरीय बाढ़ मॉक ड्रिल का आयोजन किया। एनडीएमए के साथ समन्वय में यह पहला अभ्यास था।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन की वित्तीय आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने राज्य घटना कमांडर के रूप में राज्य नियंत्रण कक्ष से संचालन का नेतृत्व किया।

यह अभ्यास गुरुग्राम, अंबाला, फरीदाबाद, फतेहाबाद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, पानीपत, पलवल, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर में किया गया। हर जिले में दो-दो सिमुलेशन स्थल बनाये गये थे।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि 2023 और 2025 की बाढ़ से सबक लेकर यह अभ्यास किया गया। इसका मकसद अंतर-विभागीय समन्वय सुधारना और प्रतिक्रिया तंत्र को परखना था। अभ्यास तीन चरणों में हुआ। छह मई को अभिविन्यास सम्मेलन, 12 मई को टेबल टॉप अभ्यास और बुधवार को वास्तविक फील्ड सिमुलेशन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित