चंडीगढ़ , अप्रैल 26 -- हरियाणा में शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मई माह के अंत तक प्रदेश के 10 शहरों में 90 नयी इलेक्ट्रिक सिटी बसें शुरू की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य शहरों में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।

वर्तमान में प्रदेश में 65 सिटी बसों का संचालन हो रहा है। नयी बसों के शामिल होने के बाद जून के पहले सप्ताह तक यह संख्या बढ़कर 155 तक पहुंचने की उम्मीद है। इससे यात्रियों को अधिक मार्गों पर सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का विकल्प मिलेगा। खासकर रोजाना सफर करने वाले लोगों को इससे काफी राहत मिलने की संभावना है।

सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि ईंधन की लागत में भी बचत होगी। साथ ही, शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक प्रबंधन को भी बेहतर किया जा सकेगा।

नयी बसों को सेवा में शामिल करने से पहले एक विभागीय कमेटी द्वारा उनका विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान तकनीकी गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और अन्य जरूरी पहलुओं की जांच सुनिश्चित की जाएगी। सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद ही इन बसों को विभिन्न शहरों के मार्गों पर उतारा जाएगा।

इसके अलावा, संबंधित जिलों में बस निर्माण कंपनियों द्वारा अतिरिक्त बसें भी भेजी जाएंगी, ताकि भविष्य में बढ़ती मांग के अनुसार सेवा का विस्तार किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित