चंडीगढ़ , जून 16 -- हरियाणा में मंगलवार सुबह कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 23 जिलों के लिए आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है और कई क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

सोमवार को भी प्रदेश के 10 जिलों में आंधी, तूफान और बारिश का असर देखने को मिला। हांसी में तेज आंधी के कारण एक मोबाइल टावर गिर गया, जबकि एक मकान की दीवार ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सोनीपत और पानीपत में धूलभरी आंधी से जनजीवन प्रभावित रहा।

भिवानी के सिवानी क्षेत्र में करीब 100 मीटर ऊंचा धूल का बवंडर दिखाई दिया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। मंगलवार सुबह सोनीपत, हिसार, महेंद्रगढ़, हांसी, कैथल, रोहतक और फतेहाबाद में भी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से 15 जून के बीच हरियाणा में औसतन 20.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो इस अवधि की सामान्य वर्षा 17.3 मिमी से अधिक है। बार-बार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण पलवल, रेवाड़ी, फतेहाबाद और कुरुक्षेत्र जैसे जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते तापमान में गिरावट आई है और किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि तेज हवाओं और आंधी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित