जालौन , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की पुलिस ने हरियाणा निवासी विजेंद्र मोर के अपहरण एवं हत्या के बहुचर्चित मामले का खुलासा करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी और हत्या की साजिश में शामिल एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमीरपुर जिले के जंगल से मृतक के अधजले अस्थि अवशेष भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि चार मई 2026 को हरियाणा के जींद निवासी विजेंद्र मोर का उरई कोतवाली क्षेत्र के रिनिया गांव स्थित खेत से अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद आरोपियों ने उनकी हत्या कर शव को हमीरपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के कूपरा जंगल में ले जाकर लगभग 40 लीटर डीजल डालकर जला दिया था, ताकि साक्ष्य नष्ट किए जा सकें।
उन्होंने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में उरई कोतवाली पुलिस ने 29 जुलाई को 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहित मलिक तथा उसकी पत्नी सपना रानी को कदौरा थाना क्षेत्र स्थित चितैला फार्म हाउस से गिरफ्तार किया। मोहित की निशानदेही पर मृतक के अधजले अस्थि अवशेष तथा घटना के समय शरीर पर लपेटी गई चादर का एक टुकड़ा बरामद किया गया। इसके बाद पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि मृतक विजेंद्र मोर के सपना रानी से पूर्व में अवैध संबंध थे। बाद में सपना ने मोहित मलिक से विवाह कर लिया, जिसके बाद विजेंद्र दोनों को धमकाता था। इसके अलावा विजेंद्र मोर का आजाद सरपंच से लगभग पांच करोड़ रुपये की भूमि बिक्री के भुगतान को लेकर विवाद भी चल रहा था। पुलिस का आरोप है कि शेष भुगतान से बचने के उद्देश्य से आजाद सरपंच ने अन्य आरोपियों को लालच देकर विजेंद्र मोर की हत्या की साजिश रची, जिसमें मोहित मलिक और सपना रानी भी शामिल हो गए। घटना से करीब 15 दिन पहले आरोपियों ने घटनास्थल की रेकी भी की थी।
एसपी ने बताया कि मामले में श्रीभगवान, संजीव उर्फ कोकिला और अमरजीत सुहाग सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इन सभी पर पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र द्वारा 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस चर्चित मामले की विवेचना के दौरान पांच मई 2026 को आरोपियों की तलाश में हरियाणा गई उरई पुलिस टीम के दो उपनिरीक्षकों, दो आरक्षियों तथा वादी अमरीक सिंह के चालक की नूंह जिले में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने कहा कि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित