चंडीगढ़ , अगस्त 01 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से जी.ई.डी.यू. ग्लोबल एजुकेशन ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. विश्वजीत राणा ने मुलाकात की। बैठक में राज्य में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ बनाने तथा गुरुग्राम में क्वीन एलिजाबेथ्स स्कूल की स्थापना पर चर्चा हुई। यह भारत में संगठन का पहला स्कूल परिसर होगा।

बैठक के दौरान कैम्ब्रिज इंटरनेशनल पाठ्यक्रम आधारित वैश्विक शिक्षा प्रणाली और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में इसकी संभावित भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।

क्वीन एलिजाबेथ्स स्कूल, गुरुग्राम में शुरुआती चरण में ईवाई एक से वर्ष नौ तक के विद्यार्थियों के लिए प्रवेश शुरू होगा। आने वाले वर्षों में इसे वर्ष 13 तक विस्तारित किया जाएगा। स्कूल में बोर्डिंग सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे हरियाणा सहित देश और विदेश के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

बैठक में राज्य सरकार और अंतरराष्ट्रीय शिक्षा संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा हरियाणा की दीर्घकालिक विकास योजनाओं के अनुरूप ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था के लिए वैश्विक इकोसिस्टम विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है और राज्य उन संस्थानों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है जो इस सोच को आगे बढ़ाते हैं।

डॉ. विश्वजीत राणा ने कहा कि क्वीन एलिजाबेथ्स स्कूल, गुरुग्राम जी.ई.डी.यू. की विश्वस्तरीय शिक्षा को भारत के विभिन्न समुदायों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

बैठक को दोनों पक्षों के बीच दीर्घकालिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रारंभिक कदम माना गया। अगस्त 2026 में स्कूल के शुभारंभ के साथ शिक्षा क्षेत्र में साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए भविष्य में भी संवाद जारी रहने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित