चंडीगढ़ , मई 13 -- हरियाणा सरकार के महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी की घोषणा के बावजूद राज्य के पेंशनरों को फिलहाल राहत नहीं मिली है।

सरकार ने यह बढ़ोतरी अभी केवल वर्तमान कर्मचारियों पर लागू की है, जबकि पांचवें और छठे वेतन आयोग के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए अलग से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

वित्त विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में केवल सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने का उल्लेख किया गया है। ऐसे में लाखों पेंशनरों को बढ़े हुए महंगाई राहत (डीआर) का लाभ मिलने का इंतजार करना पड़ रहा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हरियाणा में लगभग तीन लाख से अधिक सरकारी पेंशनर हैं। अप्रैल 2026 के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में चार लाख से अधिक सक्रिय कर्मचारी और पेंशनर डीए/डीआर वृद्धि से प्रभावित होते हैं, जिनमें पेंशनरों की संख्या सबसे अधिक है।

कर्मचारी और पेंशनर संगठनों को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही पेंशनरों के लिए भी महंगाई राहत बढ़ाने का फैसला ले सकती है। वित्त विभाग द्वारा अलग आदेश जारी होने के बाद ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इसका लाभ मिल पाएगा।

पेंशनरों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच डीआर में वृद्धि उनके लिए जरूरी है, क्योंकि दैनिक खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। अब सभी की नजर सरकार के अगले निर्णय पर टिकी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित