पंचकूला , अगस्त 01 -- हरियाणा में पंचकूला पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी दिन के समय विभिन्न सेक्टरों में बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में ऑटो-रिक्शा के जरिए पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पंचकूला पुलिस आयुक्त आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य दिन में सेक्टरों में घूमकर यह पता लगाते थे कि कौन-सा मकान बंद है। रात के समय वे ऑटो-रिक्शा में पहुंचकर मकानों के ताले तोड़ते और नकदी व जेवरात चोरी कर फरार हो जाते थे।

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में से तीन के खिलाफ पहले से भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में कितनी अन्य चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।

यह कार्रवाई गत चार जुलाई को चंडीमंदिर थाना में दर्ज चोरी के एक मामले की जांच के दौरान की गई। शिकायतकर्ता सेक्टर-27 निवासी अधिवक्ता ने पुलिस को बताया था कि तीन जुलाई को अदालत से लौटने पर उन्होंने घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ पाया। घर के अंदर अलमारी और लॉकर के ताले टूटे हुए थे तथा नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी मिले।

मामले की जांच के दौरान थाना चंडीमंदिर के प्रभारी निरीक्षक रामपाल सिंह और पुलिस चौकी सेक्टर-25 प्रभारी रामू स्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 31 जुलाई को आरोपी विकास को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों मुकुल कुमार, विशाल उर्फ बिल्ला और सतीश कुमार उर्फ संतोष के नाम बताए, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सेक्टर-25, 26, 27, 28 और आसपास के इलाकों में पहले बंद मकानों की पहचान करते थे। वारदात के समय वे सतीश के ऑटो-रिक्शा का इस्तेमाल करते थे ताकि किसी को उन पर शक न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित