कैथल , अक्टूबर 24 -- हरियाणा के कैथल जिले के ढांड क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान गांव बंदाराना निवासी हर्ष के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष शुक्रवार रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल पर गांव पबनावा से ढांड की ओर जा रहा था। रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर ढांड थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल हर्ष को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ढांड थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस को रात करीब 11 बजे सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हर्ष के पिता सुखबीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा परिवार की इकलौती संतान था। हर्ष उनके साथ मजदूरी करता था और परिवार की आजीविका में सहयोग देता था। सुखबीर सिंह भी मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार में अब केवल माता-पिता रह गए हैं। इकलौती संतान को खोने से परिवार गहरे सदमे में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित