पंचकूला , अगस्त 06 -- पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई जबकि पंजाब के कुछ स्थानों पर बारिश हुई। हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई। वहीं पंजाब के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक और पंजाब व हरियाणा के अलग-अलग स्थानों पर तेज़ हवाएं चलीं। यह जानकारी मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार शाम एक मौसम बुलेटिन में दी।

आईएमडी के अनुसार, हरियाणा में पिछले दिन की तुलना में औसत अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस सिरसा जिले के कैनाल कॉलोनी विलेज ओट्टू (एडब्ल्यूएस) में दर्ज किया गया।

पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस श्री आनंदपुर साहिब आईएमडी जिंदवाड़ी (एडब्ल्यूएस) में दर्ज किया गया।

आईएमडी ने चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला (ट्राइसिटी) के लिए सात से 11 अगस्त तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

बुलेटिन के सात दिवसीय पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार छह और सात अगस्त को हरियाणा एवं चंडीगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं पंजाब में छह अगस्त को ही अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। आठ से 12 अगस्त के लिए दोनों राज्यों में भारी बारिश होने का अनुमान नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित