चंडीगढ़ , सितंबर 18 -- हरियाणा के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने राज्य के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के लिए राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) और राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के तहत रिक्त सीटों पर मौके पर दाखिला की अंतिम तिथियां बढ़ा दी है।
विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि अब एनसीवीटी की रिक्त सीटों पर दाखिले की अंतिम तिथि 22 सितंबर और एससीवीटी की रिक्त सीटों के लिए 29 सितंबर निर्धारित की गई है। दाखिले की पूरी प्रक्रिया संस्थान स्तर पर ही होगी। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट एडमिशन.आईटीआईहरियाणा.जीओवी.आईएन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
दाखिला नए और पुराने आवेदनों की संयुक्त मेरिट सूची के आधार पर होगा। इसमें किसी प्रकार का आरक्षण लागू नहीं होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि को दोपहर 12 बजे तक अपना मेरिट कार्ड संबंधित संस्थान में जमा करवाना होगा।
अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ स्वयं संस्थान में उपस्थित होना होगा और मौके पर ऑनलाइन माध्यम से दाखिला फीस जमा करनी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित