चंडीगढ़ , मई 27 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की सभी आईटीआई में मॉडर्न वर्कशॉप स्थापित करने और उद्योगों की जरूरतों के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए पूरी तरह तैयार करने के लिए प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक तकनीक और उपकरणों से लैस किया जाये।

हरियाणा विजन-2047 के तहत युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि आईटीआई, पॉलिटेक्निक और वोकेशनल संस्थानों के शिक्षकों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाये तथा उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय बनाया जाये। उन्होंने स्वरोजगार और स्टार्टअप को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई संस्थान अभी पुरानी पद्धति से प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिससे युवाओं को रोजगार पाने में कठिनाई होती है। इसलिए पाठ्यक्रम और वर्कशॉप को उद्योगों की मांग के अनुरूप अपडेट करना जरूरी है।

बैठक में बताया गया कि आईटीआई वर्कशॉप्स के आधुनिकीकरण के लिए सर्वे कराया जा रहा है। पहले चरण में चयनित आईटीआई के लिए 10 करोड़ रुपये के आधुनिक उपकरणों की खरीद के आदेश जारी किये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित